टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) बांग्लादेश दौरे के बाद क्रिकेट से कुछ दिनों के ब्रेक पर हैं. वह 10 जनवरी से श्रीलंका के खिलाफ शुरू होने वाली 3 मैचों की वनडे सीरीज से टीम इंडिया में वापसी करेंगे. इस बीच विराट अपनी पत्नी और बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा (Anushka Sharma) के साथ मथुरा-वृंदावन की आध्यात्मिक यात्रा पर हैं.
विराट कोहली यहां बाबा नीम करोली आश्रम पहुंचे और उन्होंने यहां ध्यान लगाया. इसके अलावा उन्होंने वृंदावन में भगवान बांके बिहारी के दर्शन भी किए. खबर है कि विराट और अनुष्का ने यहां आने का कार्यक्रम पहले ही बना लिया था.
उन्हें बुधवार की दोपहर को यहां पहुंचना था लेकिन दोनों अपने निर्धारित समय से 3 घंटे पहले ही यहां पहुंच गए. दोनों ने सबसे पहले परिक्रमा मार्ग पर स्थित बाबा नीम करोली आश्रम पहुंचकर हनुमान जी और बाबा नीम करोली महाराज की समाधि स्थल के दर्शन किए. उन्होंने यहां बाबा की कुटिया पहुंचकर ध्यान भी लगाया. यह दोनों वृंदावन के एक होटल में ठहरे हैं.
कौन हैं बाबा नीम करोली
आध्यात्मिक गुरु के रूप में पूजे जाने वाले बाबा नीम करोली या बाबा नीब करौरी हनुमान जी के बहुत बड़े भक्त थे. उनके अनुयायी उन्हें हनुमान जी का ही अवतार मानते हैं. उन्होंने देश भर में कई जगहों पर हनुमान जी के मंदिर बनवाए.
बाबा करोली का जन्म उत्तर प्रदेश में फिरोजाबाद जिले के अकबरपुर गांव में हुआ था. उत्तराखंड के नैनीताल में बना कैंची धाम आश्रम दुनिया भर में प्रसिद्ध है. इस आश्रम की बाबा करोली ने 1964 में स्थापना की थी.
उन्हें मानने वालों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और फेसबुक के मार्क जकरबर्ग का नाम भी आता है. कहा जाता है कि बाबा करोली को सिर्फ 17 साल की आयु में ही दिव्य ज्ञान प्राप्त हो गया था.
वह हनुमान जी को अपना गुरु और आराध्य मानते थे. उन्होंने अपने जीवन में 108 हनुमान मंदिर बनवाए. उन्हें अनेक सिद्धियां प्राप्त थीं लेकिन वह आडंबरों से दूर रहकर एक साधारण मनुष्य की तरह जीवन यापन करते थे.
Comments
Post a Comment